आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर इलाके में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आरआइटी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुरुवार को पुलिस ने इच्छापुर के लाइन टोला क्षेत्र में घेराबंदी कर एक युवक को अवैध हथियार और संदिग्ध उपकरणों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार युवक की पहचान स्थानीय निवासी अनिल सरदार उर्फ गोरे के रूप में हुई है. इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ समीर कुमार सर्वैया ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लाइन टोला क्षेत्र में एक युवक हथियार के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनिल सरदार को धर दबोचा. तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्तौल (देसी कट्टा, लोहे एवं लकड़ी से निर्मित), दो जीपीएस सिस्टम और दो डेटोनेटर बॉक्स बरामद किए गए. एसडीपीओ ने बताया कि अनिल सरदार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ आरआईटी थाने में कई मामले दर्ज हैं. (नीचे भी पढ़ें)
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी के पास मिले जीपीएस और डेटोनेटर बॉक्स का उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है. प्रेस वार्ता में अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे.




