नयी दिल्ली: देश के दो राज्यों असम, केरलम और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में गुरुवार विधानसभा चुनाव के लिए शाम 6 बजे वोटिंग खत्म हो गई. अब वही वोटर्स मतदान कर सकेंगे, जो शाम 6 बजे तक बूथ में आ गए थे. चुनाव आयोग के अनुसार शाम 5 बजे तक असम में 85.42 फीसदी, केरलम में 77.01 फीसदी और पुडुचेरी में 89.92 फीसदी वोटिंग हुई. असम में शाम 6 बजे तक सभी 126 सीटों पर करीब 85.04फीसदी मतदान दर्ज हुआ, जो 2021 के 82.04 फीसदी से ज्यादा है. इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प है. (नीचे भी पढ़े)
बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस करीब दस साल बाद सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है. इसलिए राज्य में चुनावी मुकाबला काफी कड़ा माना जा रहा है. पुडुचेरी में मन्नादिपेट में पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई. पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया. पुडुचेरी के सीएम रंगास्वामी वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ तक बाइक से पहुंचे. केरलम में पूर्व रक्षा मंत्री और कांग्रेस लीडर एके एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में वोट डाला. उन्होंने कहा- केरलम के लोग भाजपा को पसंद नहीं करते. राज्य में 10 साल के कुशासन की सरकार है. इसलिए इस बार सरकार बदलेगी. वहीं, असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा की. इसके बाद पत्नी के साथ जालुकबाड़ी में वोट डाला.असम में 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, केरलम में 2.71 करोड़ वोटर 890 उम्मीदवारों में से अपना नेता चुनेंगे. पुडुचेरी में 20 पार्टियां के 294 कैंडिडेट अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. दोनों राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में करीब 10 लाख से ज्यादा वोटर्स ने पहली बार मतदान किया.केरलम में 70 साल में पहली बार कोई सीएम हैट्रिक के लिए चुनाव लड़ रहा है. असम में बीजेपी हिमंता बिस्व सरमा के सहारे लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दांव खेल रही है. पुडुचेरी में कांग्रेस से निकले एन.रंगास्वामी पांचवी बार सत्ता में काबिज होने की कोशिश कर रहे हैं. इसके अलावा तीन राज्यों की चार विधानसभा सीटों पर गुरुवार को उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई. नगालैंड के कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 3 बजे तक 75.06 फीसदी वोटिंग हुई. वहीं त्रिपुरा के धर्मनगर में 70.09 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले. (नीचे भी पढ़े)
कर्नाटक में बागलकोट और दावणगेरे साउथ में क्रमशः 54.82 फीसदी और 49.66 फीसदी वोटिंग हुई. ये चुनाव मौजूदा विधायकों के निधन के कारण खाली हुई सीटों पर कराए गए हैं, जिनमें राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के बीच मुकाबला हो रहा है.असम के खोवांग निर्वाचन क्षेत्र के कुतुहा में चुनाव संबंधी हिंसा की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया.



