चाकुलिया : बहरागोड़ा विधानसभा शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन विधायक समीर महंती ने पंचायती राज व्यवस्था में चुनकर आये जनप्रतिनिधियों की बात उठाई। उन्होंने कहा कि पंचायत के जनप्रतिनिधि समाज सेवा में अपना पूरा समय व्यतीत करते हैं, परंतु मानदेय के रूप में उन्हें जो राशि दी जाती है वह नगण्य है। (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि अपनी नौकरी, व्यवसाय छोड़कर जो पंचायत के जनप्रतिनिधि सिर्फ समाज के काम में अपने को समर्पित कर देते हैं, उनके लिए इस मानदेय से परिवार का भरण पोषण तो दूर की बात अपना खर्च चला पाना भी असंभव है। विधायक ने पंचायत चुनाव में जीत कर आये जनप्रतिनिधियों का मानदेय में बढ़ोत्तरी की मांग की। इसके साथ ही विधायक समीर महंती ने फुटबॉल खेल के विकास के लिए भी विधानसभा में अपनी आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन तो किया जा रहा है, परंतु इन प्रतियोगिताओं से उभरे खिलाड़ियों के लिए कोई प्रशिक्षण की व्यवस्था नहीं है। विधायक ने पूर्वी सिंहभूम जिले में एक फुटबॉल प्रशिक्षण केन्द्र खोलने की मांग की है।











