पटना: बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी अनिल कुमार झा ने भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा विधान पार्षद सर्वेश सिंह को 450 मतों के अंतर से पराजित कर दिया. मतगणना के अधिकांश समय सर्वेश कुमार बढ़त बनाए हुए थे. एलिमिनेशन राउंड में अंतिम तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला पहुंचने पर भी वह 1046 मतों से आगे थे. लेकिन जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी मोहम्मद इम्तियाज के मतपत्रों पर दर्ज दूसरी वरीयता के मतों की गिनती और हस्तांतरण के बाद परिणाम बदल गया और अनिल झा ने जीत दर्ज की.(नीचे भी पढ़े)
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में जब किसी प्रत्याशी को आवश्यक कोटा नहीं मिलता, तो कम मत पाने वाले प्रत्याशियों को क्रमशः बाहर किया जाता है. उनके मतपत्रों पर दर्ज अगली वरीयता के अनुसार वोट शेष प्रत्याशियों के खाते में स्थानांतरित होते हैं.अंतिम तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबले के दौरान सर्वेश कुमार 1046 मतों से आगे थे. इसके बाद जन सुराज पार्टी के मोहम्मद इम्तियाज के मतपत्रों पर दर्ज दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती हुई. मतों के हस्तांतरण के बाद अनिल झा आगे निकल गए और अंततः 450 मतों से जीत हासिल की.












