बोकारो : झारखंड की हेमंत सरकार के 3 साल पूरे हो गए. ये 3 साल पूरे होने को लेकर झारखंड में जितने भी विपक्षी दल हैं वे अपने-अपने तरीके से झारखंड सरकार की नाकामियां गिनाने में लगे हुए हैं. इसी क्रम में बोकारो जिला भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विनोद महतो के नेतृत्व में हवाई अड्डा से नया मोड़ स्थित बिरसा चौक तक जन आक्रोश रैली निकाली गई. इस रैली में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे. रैली के माध्यम से झारखंड सरकार के 3 साल के कार्यकाल की नाकामियों को जनता को बताया गया. (नीचे भी पढ़ें)
भाजपा युवा मोर्चा बोकारो जिला अध्यक्ष विनोद महतो ने कहा कि जिस तरह से झारखंड में गठबंधन की सरकार चल रही है, जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी सरकार चला रही है, आज उसके 3 वर्ष पूरे हो गए और युवाओं को बरगला कर सत्ता में काबिज हुई है. सत्ता में आने से पहले उन्होंने वादे किए थे कि जब हम सत्ता में आएंगे तब 5 लाख युवाओं को रोजगार देंगे और उन्हें बेरोजगारी भत्ता देंगे. लेकिन सरकार सिर्फ युवाओं को ही नहीं यहां के भोले-भाले आदिवासियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी ठगने का काम कर रही है. अभी-अभी उन्होंने जो नियोजन नीति को लेकर फैसले किए थे हाईकोर्ट ने उसे भी खारिज कर दिया कुल मिलाकर यह सरकार सभी मोर्चे पर विफल है. ऐसी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए हम सभी भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे और इनकी नाकामियां गिनायेंगे.











