
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत झींकपानी में संचालित नवोदय आवासीय विद्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को उपायुक्त सह विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरवा राजकमल के अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंध समिति की एक बैठक हुई। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सह प्रबंधन समिति सदस्य नीरजा कुजूर, विद्यालय की प्राचार्या जे करपग माला, सहायक अभियंता, भवन प्रमंडल, अभिभावक प्रतिनिधि बुद्धराम तिरिया एवं सरस्वती कच्छप समेत प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। बैठक में शामिल होने से पूर्व विद्यालय परिवार की तरफ से प्रबंधन समिति के अध्यक्ष का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया एवं विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। विद्यालय की प्राचार्या ने बैठक में शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विचारणीय बिंदु प्रस्तुत किए। बैठक में उपायुक्त ने प्रबंधन समिति के सदस्यों से कहा गया कि आज की बैठक में संज्ञान में आए विभिन्न बिंदुओं पर जिला प्रशासन के द्वारा आवश्यक पहल की जाएगी। आज विद्यालय प्रबंधन समिति के बैठक में मुख्य रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2019 का परिणाम एवं 2020 के बोर्ड परीक्षा में अच्छे प्रदर्शन के लिए रोड मैप, मेडिकल कैंप लगाकर विद्यार्थियों का स्वास्थ्य निरीक्षण,विद्यालय में डी.डी.टी एवं कीटनाशक इत्यादि का छिड़काव, विद्यालय प्रांगण के अंदर एवं बाहर वृक्षारोपण, संगीत,कला,एन.सी.सी एवं खेलकूद के कक्षा संचालन हेतु तथा भंडार कक्ष के लिए कमरे का निर्माण,विद्यालय के अधूरे चहारदीवारी का निर्माण पूरा करने,विद्यालय जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने,शैक्षणिक भवन परिसर में स्टेज के सामने एलिवेटेड शेड का निर्माण,छात्र-छात्राओं के सुरक्षा हेतु विकास निधि के मद से सीसीटीवी कैमरा स्थापित करने आदि महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा किया गया।








