Chaibasa : जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ानंदा जेटेया मोड़ पर एक मारुति कार व साइकिल के बीच भिड़ंत हो गई. इस कारण मारुति चालक और साइकिल चालक को चोटें आई है. दोनों को स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए जगन्नाथपुर सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायल को बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने एसआई देवसाई भगत को मामले की जांच के लिए घटनास्थल भेजा. जानकारी के अनुसार शनिवार करीब चार बजे राउरकेला से तिरिंग जगन्नाथपुर मार्ग से एक मारुति कार संख्या ओडी15पी-8516 आ रही थी. वहीं जेटेया के लतार कुंदरीझोर निवासी सोनाराम सरदार अपने परिवार के साथ जगन्नाथपुर बाजार कर अपने घर जेटेया की ओर लौट रहा था. उसी बीच मारुति चालक विश्वनाथ गोप के आंख में कुछ घुस जाने के कारण कार अनियंत्रित हो कर साइकिल को धक्का मारते हुए खेत में जा गिरी. इससे साईकिल सवार सोनाराम सरदार घायल हो गया. वहीं मारुति चालक विश्वनाथ गोप के माथे में चोट आई है. स्थानीय लोगों की मानें, तो भगवान का शुक्र है कि मारुति में सवार अन्य लोग सुरक्षीत बच गये. इधर दोनों घायल को इलाज के लिए जगन्नाथपुर सीएचसी लाया गया, जहां डॉ सुरेन और डॉ इकबाल ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर ईलाज के लिए चाईबासा रेफर कर दिया.







