
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत हाटगम्हरिया प्रखंड कार्यालय में आज चाईबासा के स्थानीय विधायक दीपक बिरुवा के द्वारा राज्य सरकार द्वारा 50% अनुदान पर उपलब्ध उन्नत धान बीज क्षेत्र के 10 प्रगतिशील किसानों के बीच वितरित करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया। बीज वितरण कार्यक्रम के दौरान वहां उपस्थित दो वैसे किसान जो साल में दो बार धान की खेती करते हैं उन्हें प्रोत्साहन राशि के रूप में क्रमशः 750 रुपये एवं 1,100 रुपये का चेक तथा प्रगतिशील महिला किसान पुष्पा सिंकू को जिला कृषि विभाग के द्वारा बासमती चावल का बीज पैकेट का भी वितरण किया गया। स्थानीय विधायक दीपक बिरुवा के द्वारा किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा गया कि हमारा देश एक कृषि प्रधान देश है इसलिए देश व राज्य के विकास में किसानों की अहम भूमिका होती है तथा किसानों के आय को बढ़ाने तथा उनके स्थिति को सुधारने हेतु झारखंड राज्य सरकार कृत संकल्पित है। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख, जिला कृषि पदाधिकारी राजेंद्र किशोर, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री परमेश्वर कुशवाहा सहित प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।















