रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर में गरीब, वंचित एवं पिछड़े वर्ग के बच्चों की निःशुल्क शिक्षा के लिए कार्य कर रही संस्था मिशन एक प्रयास ने अपने मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया. चक्रधरपुर शहरी क्षेत्र के कुदलीबाड़ी में मिशन एक प्रयास के अध्ययन केंद्रों में निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर स्नातक, इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक की परीक्षा अच्छे अंको से उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. समारोह की मुख्य अतिथि चक्रधरपुर अनुमंडलाधिकारी रीना हांसदा ने मेधावी छात्र छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)

एसडीओ रीना हांसदा ने सफल विद्यार्थियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि उनका प्रयास सबके लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि परिवेश कैसा भी हो, पढ़ाई से ही जीवन बदल सकता है. पढ़ाई ही सबको बराबरी पर लाता है. जितना आप सोच सकते हैं, सपनों को ऊंचा रखें, कोई भी कार्य असंभव नहीं होता, अपने जोश, जुनून और जज्बे से अपने सपनों को साकार करें. वहीं विद्यार्थियों से कहा कि वे मोबाइल और इंटरनेट का सदुपयोग कर रिसोर्स प्राप्त करें. वहीं अतिथि के रुप में उपस्थित क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी अविनाश राम ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वाचन देते हुए विषम परिस्थितियों से लड़कर सफलता हासिल करने और समाज को दिशा देने का आह्वान किया.(नीचे भी पढ़ें)

विषम परिस्थिति में प्राप्त की सफलता
विषम परिस्थितियों के बीच मिशन एक प्रयास के मैट्रिक में 12, इंटर में 4 और स्नातक में पांच विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है. सम्मान समारोह के दौरान पूर्व में आयोजित चित्रांकन, रंगोली एवं हस्तकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किये गये. समारोह में कुदलीबाड़ी के मुंडा बुधु गागराई, मिशन एक प्रयास के सदस्य राजीव चक्रवर्ती, पूर्व पार्षद सह शिक्षामित्र प्रीति होरो, साईं मांटेसरी स्कूल के प्रिंसिपल संजय महतो, समाजसेवी बिनोद भगेरिया, विशाखा भगेरिया, चंद्रशेखर महतो, पद्मावती कुमारी, राहुल, रविशंकर डे, शंकर सुंडी, झरना दास, रुद्र महतो, प्रियंका मुंडू, साईं मांटेसरी के शिक्षक शिक्षिकाएं समेत हरिजन बस्ती, कुदलीबाड़ी, तिलोपदा एवं बांदोडीह निःशुल्क अध्ययन केंद्र के शिक्षामित्र, अभिभावक एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे.



