
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो समेत अन्य इलाकों में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक गिरोह का परदाफाश पुलिस ने किया है. मानगो के उलीडीह ओपी की ओर से इसका खुलासा किया गया है. पकड़े गये लोगों के पास से चोरी का स्कूटी, स्कूटी की चाभी, एलइडी टीवी, दो रिमोट, एक लाउडस्पीकर, एक कटर मशीन, एक घड़ी, दो ड्रिल मशीन, एक विभो कंपनी का मोबाइल समेत अन्य को जब्त किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

14 जून को उलीडीह के शर्मा लाइन निवासी बिनोद कुमार के घर से एक चोरी की घटना को इन लोगों ने अंजाम दिया था जबकि 16 जून को भी चोरों ने उलीडीह मुर्दा मैदान के पास रहने वाले शंभू कुमार के घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था. दोनों ही कांडों में सीसीटीवी में एक जैसे चेहरे दिखे थे. इन सारे लोगों को पकड़ने के लिए छापामारी की गयी, जिसके बाद इन दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.



