चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 6 के धर्मशाला से स्टेशन चौक तक निर्मित पीसीसी सड़क के ऊपर हो रहे घटिया सड़क कालीकरण का काम स्थानीय लोगों रोकवा दिया. सूचना पाकर स्थानीय विधायक समीर महंती भी वहां पहुंचे एवं सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया.
बता दें कि संवेदक उमा कंस्ट्रक्शन द्वारा सड़क कालीकरण का काम कराया जा रहा था, किन्तु घटिया निर्माण के कारण बनने के एक दिन बाद ही पिच उखड़नी शुरू हो जाने के मद्देनजर स्थानीय निवासियों ने सड़क निर्माण का काम रोकवा दिया. यही नहीं ग्रामीणों ने सड़क निर्माण विभाग के जेई को भी कार्य स्थल पर बुलाकर उन्हें नवनिर्मित सड़क की गुणवत्ता की स्थिति दिखाई एवं प्राक्कलन के मुताबित सड़क निर्माण कराये जाने की मांग की. ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए संवेदक ने तत्काल काम बंद कर दिया है. उधर ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण का विरोध किये जाने की सूचना पाकर विधयक समीर महंती भी वहां पहुंचे एवं कार्य का निरीक्षण किया. ग्रामीणों ने उनके समक्ष ही कई स्थानों पर हाथ और पैर रगड़ कर सड़क की पिच उखड़ने की स्थिति का अवलोकन कराया. विधायक श्री महंती ने संवेदक और विभाग के जेई को बुलाकर योजना की जानकारी ली. मौके पर संवेदक ने बताया कि अभी फर्स्ट लेयर का कालीकरण हुआ है, 72 घंटे में उसके सेट हो जाने के बाद ही उस पर पुख्ता दूसरा लेयर चढ़ाया जायेगा. इस पर विधायक ने संवेदक को 72 घंटे बाद ही काम शुरू कराने को कहा ताकि निर्मित सड़क की गुणवत्ता की जांच हो सके. विधायक ने कहा कि 72 घंटे के बाद भी पिच उखड़ी तो वे संवेदक पर कार्रवाई की अनुशंसा करेंगे.




