
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के सरडीहा पंचायत के रूपुशकुंडी गांव में रविवार की शाम एक हाथी प्रवेश कर गया. हाथी के गांव में आने से लोगों में दहशत है. हाथी ने खेत में प्रवेश कर खेत में लगे धान की फसल को खाकर और पैरो तले रोंद कर बर्बाद कर दिया है. ग्रामीणों ने हाथी को खेत से बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किया परंतु हाथी खेत में धान की फसल को चरने में मस्त रहा, इससे किसान चिंतित है. विदित हो की विगत कई माह से हाथीयों का दल बंट कर क्षेत्र में विचरण कर रहा हैं.शनिवार को हाथी भगाने के क्रम में कमारीगोड़ा गांव निवासी संजय भारती की मौत हो गई है, वही दो युवक के घायल होने से भी ग्रामीण भयभीत है. ग्रामीण हाथी को भगाने में असमर्थ हैं. हाथी के गांव में बार बार आने से ग्रामीणों में वन विभाग के पदाधिकारीयों के प्रति आक्रोश है. ग्रामीणों ने कहा कि वन विभाग के पदाधिकारी हाथी को गांव से दूर जंगल ले जाने के प्रति उचित पहल नही कर रही है, जिस कारण ग्रामीणों को काफी नुकसान हो रहा है.




