चांडिल : चांडिल वन क्षेत्र के आंडा गांव में रविवार दोपहर करीब 3 बजे जंगली हाथी ने उत्पात मचाते हुए ग्रामीण रघुनाथ सिंह के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथी के गांव में घुसते ही लोगों में अफरातफरी मच गई और ग्रामीण जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे. हाथी ने रघुनाथ सिंह के घर की दीवार और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया. घटना के समय परिवार के सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकलकर सुरक्षित बच गए. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मकान को काफी क्षति पहुंची है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई. ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिलाने तथा हाथियों के लगातार गांव में प्रवेश की समस्या का स्थायी समाधान किये जाने की मांग की है. वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथी दिखाई देने पर उसके आसपास नहीं जाने एवं तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है.




