चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बड़गाछ के समीप एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया. इस हमले में दानिश नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार दानिश पर अचानक धारदार हथियार से हमला किया गया. हमलावर ने उस पर कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरत टीएनबी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. चिकित्सकों ने बताया कि युवक के शरीर पर गहरे जख्म हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस हमले में रेहान नामक युवक का नाम सामने आ रहा है, जिसने कथित रूप से चापड़ से हमला किया. हालांकि घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा. फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.



