कोलकाता : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शांतनु सिन्हा के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है. बताया गया कि शांतनु सिन्हा के देश छोड़ कर भाग जाने की आशंका के मद्देनजर ईडी ने यह लुक आउट नोटिस जारी कराया है. जानकारी के अनुसार, ईडी ने यह लुक आउट नोटिस सोना पप्पू केस से जुड़े मनी लॉण्ड्रिंग मामले को लेकर जारी कराया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि कोलकाता के डीसीपी शांतनु सिन्हा पुलिस सेवा से रिटायर हो चुके थे, किन्तु टीएमसी सरकार ने उन्हें सेवा विस्तार दिया था और वे अब भी राज्य पुलिस की सेवा में हैं. सोना पप्पू सिंडिकेट का मामला राज्य में जमीन कब्जाने, जबरन वसूली एवं रियल एस्टेट से जुड़े कथित 40 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन और मनी लॉण्ड्रिंग से संबंधित बड़ा मामला है. ध्यान रहे कि ईडी मनी लॉण्ड्रिंग एवं सोना पप्पू सिंडिकेट मामले में डीसीपी शांतनु विश्वास से संबंधित आरोपों की जांच कर रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
यह मामला कथित रूप से सोना पप्पू उर्फ बिस्वजीत पोद्दार द्वारा संचालित एक आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा है, जिस पर जमीन कब्जाने एवं जबरन वसूली करने जैसे गंभीर आरोप हैं. इसके अलावा शांतनु विश्वास पर रेत तस्करी से जुड़े एक मामले में वित्तीय गड़बड़ियों की भी जांच चल रही है. सूत्रों के मुताबिक, ईडी द्वारा कई बार समन जारी किये जाने के बाद भी श्री विश्वास पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए हैं. अधिकारियों को उनके देश छोड़ कर भाग जाने की आशंका है, जिसके चलते ही उनके खिलाफ यह लुक आउट नोटिस जारी किया गया है.







