गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत वात्सल्य बालिका गृह से मंगलवार की देर रात दो नाबालिग किशोरी फरार हो गयी. इसमें एक पटमदा व दूसरी कुचाई की रहने वाली बतायी जाती है. घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद बालिका गृह प्रबंधन ने संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी. इस मामले में सीडब्ल्यू अधिकारी ने स्थानीय थाने में एक मामला दर्ज कराया. प्राथमिक दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आयी और आस पास के इलाके, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर तलाशी अभियान चलाया गया,लेकिन कुछ पता नहीं चला. (नीचे भी पढ़े)
लोगों को कहना है कि जिन बच्चियों की सुरक्षा व संरक्षण की जिम्मेदारी संस्था पर होती है, वहां से दो किशोरी का फरार हो जाना संस्था की लापरवाही को दर्शाता है. विदित हो कि 15 अप्रैल को ही डीसी साहब ने इस वात्सल्य बालिका गृह का उद्घाटन किया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि बालिका गृह की सुरक्षा व निगरानी व्यवस्था मजबूत होती तो इस प्रकार की घटना नहीं होती. घटना के बाद संस्था के अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से कतरा रहे है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोनों किशोरी की तलाश जारी है.







