
रांची/जमशेदपुर/चाईबासा : झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप शपथ ग्रहण किया. राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी. हेमंत सोरेन के साथ तीन अन्य मंत्रियों ने शपथ ली, जिनमें महागठबंधन दल में शामिल कांग्रेस के कोटे से रामेश्वर उरांव व आलमगीर आलम शामिल हैं. इनके साथ ही मंत्री पद की शपथ लेनेवालों में राजद विधायक सत्यानंद भोक्ता भी शामिल हैं. 44 वर्षीय हेमंत सोरेन ने दूसरी बार मुख्यमंत्री का पद संभाला है. इससे पूर्व वह 2013 में कांग्रेस गठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री रह चुके हैं.

हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलौत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, झामुमो सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन समेत कई बड़े नेता, उद्योपति व विधायक शामिल हुए. समारोह में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा, अतुल अंजान और डीएमके नेता एम के स्टालिन भी शामिल हुए. उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा चुनाव-2019 में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले विपक्षी झामुमो-कांग्रेस-आरजेडी महागठबंधन ने 81 में से 47 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. जबकि बीजेपी को सिर्फ 25 सीटें मिलीं हैं.

सीएम एट होम में सम्मिलित हुए
शपथ ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखण्ड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू द्वारा राजभवन में नयी सरकार के गठन के उपलक्ष्य में आयोजित सीएम एट होम कार्यक्रम में शामिल हुए.
शहीदों को किया नमन, बच्चों से मिले
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी मैदान स्थित महात्मा गांधी एवं सिदो कान्हू पार्क स्थित सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इस क्रम में मुख्यमंत्री बच्चों से भी मिले और उनसे हाथ मिला कर उनकी कुशलता जानी.







