भुवनेश्वर: भारत हॉकी वर्ल्ड कप में मेडल की दौड़ से बाहर हो गया है. रविवार को क्रॉसओवर मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हरा दिया. निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 से बराबरी पर थीं. भारत की ओर से ललित उपाध्याय ने 17वें मिनट (फील्ड), सुखजीत ने 24वें (पेनल्टी कॉर्नर) और वरुण कुमार (पेनल्टी कॉर्नर) ने 40वें मिनट में गोल दागे. वहीं, न्यूजीलैंड की ओर से केन रसेल ने 43वें और 49वें मिनट में (पेनल्टी कॉर्नर) डबल दागे. वहीं, सैम लिन ने 28वें मिनट में फील्ड गोल किए.दोनों ही टीमों ने 9-9 प्रयास किए। इसमें न्यूजीलैंड ने 5 और भारत ने 4 में गोल दागे. शूटआउट की शुरुआत भारतीय कप्तान हरमनप्रीत के गोल के साथ हुई.(नीचे भी पढ़े)
उसके बाद न्यूजीलैंड के निक वुड ने बराबरी का गोल दागा. फिर राजकुमार पाल ने गोल स्कोरकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया. सीन फाइंडले ने स्कोर फिर 2-2 से बराबर कर दिया. तीसरे प्रयास में अभिषेक गोल करने से चूक गए और हेडन फिलिप्स ने गोलकर मेहमान टीम को 3-2 से आगे ला दिया. फिर पीआर श्रीजेश ने 3 शानदार बचाव करते हुए भारत को हार से बचाया. इस बीच, शमशेर स्कोर करने से चूके और सुखजीत ने गोल किया. 5 प्रयास के बाद स्कोर 3-3 की बराबरी पर था. 8वें प्रयास में हेडन और सुखजीत गोल स्कोर नहीं कर सके। 9वें प्रयास में सैम लिन ने गोल दागा जबकि शमशेर चूक गए.












