
रांची : चिकित्सकों की संस्था इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) के झारखंड चैप्टर का चुनाव शनिवार को संपन्न हुआ. वर्ष 2021-2023 के लिए यह मतदान हआ, जिसमें कुल 184 वोट पड़े जबकि दो वोट कैंसल हुआ. मतगणना के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के झारखंड चैप्टर के नये अध्यक्ष डॉ अरुण कुमार सिंह चुने गये. अरुण कुमार सिंह को 92 वोट प्राप्त हुए जबकि डॉ रामजीलाल अग्रवाल को 48 और डॉ आरपी श्रीवास्तव को 40 वोट प्राप्त हुए. कोल्हान प्रमंडल से उपाध्यक्ष के पद पर डॉ केके सहगल ने चुनाव जीते, जिनको कुल 104 वोट मिले जबकि उनको डॉ एवी बाखला ने कड़ी टक्कर दी, जिनको 73 वोट से ही संतुष्ट होना पड़ा. सचिव के अहम पद के लिए डॉ प्रदीप सिह ने जीत दर्ज की, जिनको 105 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी डॉ प्रभात कुमार को 76 वोट मिला. कोल्हान प्रमंडल से संयुक्त सचिव डॉ अजय कुमार प्रसाद को 115 वोट मिले और वे विजेता बने. कोषाध्यक्ष पद के लिए डॉ बीपी कश्यप का चुनाव हुआ. इसके अलावा उपाध्यक्ष हेडक्वार्टर के पद पर डॉ आरएस दास, नार्थ छोटानागपुर से डॉ बिरेंद्र कुमार पंकज, साउथ छोटानागपुर से डॉ रितेश रंजन, संथाल परगना से डॉ आरएन प्रसाद और पलामू से डॉ अजय कुमार सिंह विजेता बने. संयुक्त सचिव के हेडक्वार्टर पद पर डॉ संजय कुमार जायसवाल, नार्थ छोटानागपुर से किसी ने नामांकन नहीं किया, साउथ छोटानागपुर से डॉ देवनिस खेस, कोल्हान से डॉ अजय प्रसाद, संथाल परगना से डॉ गोपाल जी शरण और पलामू से डॉ सुरेंद्र कुमार सिंह चुने गये.




