जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बीते एक-दो वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठाते आए हैं. उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान कथित अनियमितताओं को प्रमाणों के साथ सामने रखा और यह उजागर करने का प्रयास किया कि आयोग किस तरह भाजपा के हित में काम कर रहा है. इन्हीं विषयों को लेकर पार्टी ने राष्ट्रव्यापी अभियान छेड़ा है, जिसके तहत 26 नवंबर को रांची में भीमराव अंबेडकर चौक से बिरसा चौक तक ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला जाएगा. उन्होंने बताया कि इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे तथा संविधान बचाने का संकल्प लिया जाएगा. लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आरोप लगाया कि इस मार्च के माध्यम से यह बात प्रमुखता से रखी जाएगी कि संवैधानिक संस्थाओं में भाजपा और केंद्र सरकार का दखल व नियंत्रण बढ़ता जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

उनके अनुसार, देश की संघीय व्यवस्था (फेडरल स्ट्रक्चर) के तहत केंद्र और राज्यों को समन्वय से काम करना चाहिए, लेकिन भाजपा नीत केंद्र सरकार झारखंड समेत कई राज्यों के प्रति सौतेला और भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रही है. कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने दावा किया कि इन मसलों पर अब कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अकेले नहीं हैं, बल्कि करोड़ों युवा, मतदाता और आम लोग उनकी बातों का समर्थन कर रहे हैं तथा केंद्र के कथित तानाशाही रवैये के विरुद्ध खुलकर सामने आ रहे हैं. उन्होंने छात्रों के देशव्यापी आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे सवालों पर ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा चलाए गए अभियानों को भी व्यापक जनसमर्थन मिला है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची व चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस की अगुवाई में देशभर में आंदोलन तेज किए गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
शाहदेव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनमाने ढंग से काम कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित कर चुनाव परिणामों को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश कर रही है, जो सिलसिला लगातार जारी है. जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 26 नवंबर को रांची में आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च में पूर्वी सिंहभूम जिले से हजारों की संख्या में जिला कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी एवं नेता, प्रखण्ड पदाधिकारी, मण्डल पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष, मंच मोर्चा के पदाधिकारी एवं सभी सक्रिय कार्यकर्ता भारी संख्या में 26 नवंबर को सुबह आठ बजे साकची आमबगान मैदान से जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के अध्यक्षता में रांची के लिए प्रस्थान करेंगे. कार्यक्रम को सफल बनाने हेतू विधान सभा प्रभारी, प्रखण्ड संगठन प्रभारी, मण्डल संगठन प्रभारी, प्रखण्ड अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष को जिम्मेदारी सौंप दिए गए है। संविधान रक्षा मार्च ऐतिहासिक होगा. इस अवसर पर संजय सिंह आजाद, आशुतोष कुमार सिंह, ज्योति मिश्रा, राकेश साहू, राजा सिंह राजपूत, राजकुमार वर्मा, गुरदीप सिंह, सुखदेव सिंह मल्ली, जसवंत सिंह जस्सी, रंजीत सिंह, रंजीत झा, इंतेक़ाब उपस्थित रहे.












