
जमशेदपुर : जमशेदपुर में करीब एक सप्ताह से बंद बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल को फिर से खोल दिया गया है. बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल में कोरोना पोजिटिव मरीज के मिलने के बाद इसको बंद कर दिया गया था. सारे मरीजों को अस्पताल से हटा दिया गया था और पूरे अस्पताल का सैनिटाइजेशन शुरू किया गया था. सैनिटाइजेशन का काम पूरा होने के बाद मंगलवार से फिर से मर्सी अस्पताल को खोल दिया गया. करीब एक सप्ताह के बाद अस्पताल को फिर से खोला गया है. मर्सी अस्पताल के प्रबंधक जेम्स डेविस ने इसकी पुष्टि की है और बताया है कि सारे 86 कर्मचारियों को कोरोना टेस्ट कराया गया है, जिसमें से चार कर्मचारी कोरोना पोजिटिव पाये गये थे, जिनका इलाज चल रहा है. सारे अन्य कर्मचारी और अधिकारी कोरोना टेस्ट में नेगेटिव पाये गये है. इस कारण अस्पताल को फिर से खोल दिया गया है. इसके इनडोर सिस्टम को फिर से खोल दिया गया है जबकि आउटडोर पेशेंट के लिए ओपीडी का संचालन चल रहा है, वह सामान्य तौर पर संचालित होता रहेगा. गौरतलब है कि मर्सी अस्पताल जमशेदपुर के पूर्वी क्षेत्र का सबसे बेहतर और गरीबों के लिए सबसे महत्वपूर्ण अस्पताल माना जाता है. यहां करीब 250 बेड का अस्पताल है. इसमें इलाज शुरू हुआ है. करीब एक सप्ताह के बाद अस्पताल खुलने के बाद फिर से यहां कामकाज सामान्य हो चुका है.















