जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में लगातार मौसम का मिजाज बदल रहा है. इस दौरान जमशेदपुर में गुरुवार सुबह से धूप-छांव की स्थिति बनी है. वहीं मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक लगातार 10 मार्च तक मौसम का रुख बदला होगा. मौसम विभाग ने गुरुवार को गढ़वा में यलो अलर्ट जारी किया है. अलर्ट में लिखा है कि अगले कुछ घंटों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की गढ़वा जिले में संभावना है. शुक्रवार और शनिवार को राज्य के मध्य हिस्सों में बारिश की आशंका है. वहीं इसे लेकर अगले दो हफ्ते का पूर्वानुमान जारी किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

पूर्वानुमान 10 से 23 मार्च तक के लिए जारी किया गया है. पहले हफ्ते में यानी 10 से 16 मार्च के बीच बारिश की आशंका जतायी गयी है. वहीं दूसरे सप्ताह यानी 17 से 23 मार्च के बीच भी बारिश की संभावना जतायी है. वहीं पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 29 से 35 के बीच और दूसरे सप्ताह में 28 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं इस दौरान पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस और दूसरे सप्ताह में 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.




