
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के बड़ापहाड़ गांव स्थित सीआरपीएफ कैंप प्रांगण में धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर 200 से अधिक अधिकारी, जवान एवं महिलाएं प्रत्यक्षदर्शी बने। भगवान बिरसा मुंडा का जन्म मुंडा जनजाति के गरीब परिवार में 15 नवम्बर 1875 को झारखण्ड के खुंटी जिले के उलीहातु गांव में हुआ था। इस प्रतिमा का शिलान्यास सीआरपीएफ डीआईजी डॉ आशु शुक्ल, पुलिस उप महानिरीक्षक, ग्रुप केन्द्र के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर डीआईजी आशु शुक्ल ने कहा कि अंग्रेजों के खिलाफ भयंकर विद्रोह कर बिरसा मुंडा ने आजादी की नींव डाली थी एवं उनके बलिदान को देश सदा याद करता है। बिरसा मुंडा का अदम्य साहस, धैर्य, निष्ठा और बलिदान हम सभी को प्रेरित करता है। देश को आजाद कराने में इन्होने अपनी महती भूमिका निभाई एवं इससे मुक्ति कराने के लिए अपने प्राणों की आहूति तक दे दी। आज हम सभी को भगवान बिरसा मुंडा के पदचिह्नों पर चलने की आवश्यकता है। इस अवसर पर संजय कुमार, कमांडेंट, अन्य वरिष्ठ अधिकारी समेत जवान उपस्थित थे।



