जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में तेज बारिश के बीच एक कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी. दरअसल, सीतारामडेरा बस स्टैंड से भुइयांडीह की ओर जाने वाली सड़क पर शुक्रवार रात यह हादसा हुआ. जानकारी के मुताबिक, कार में सवार दो युवकों ने पहले एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार और उसके साथ मौजूद एक बच्चे को चोट लग गई. इसके बाद कार सवार भागने की कोशिश करने लगे. तभी दूसरे बाइक सवार ने कार रोकने के लिए उसके सामने अपनी बाइक लगा दी, लेकिन कार ने उसे भी टक्कर मार दी. (नीचे भी पढ़ें)

इस घटना में एक बच्चे और दो बाइक सवारों के घायल होने की बात सामने आई है. वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और कार को रोककर उसमें सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार में सवार दोनों युवक नशे की हालत में थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने साथ थाने ले गई. हादसे के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. हालांकि, अब धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है.












