ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिलांतर्गत झांसी रोड थाना क्षेत्र में सामने आई हृदय विदारक घटना ने सबको सकते में ला खड़ा किया है. बेटी के प्रेम विवाह से आहत एक पिता ने खुद को गोली मार कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली है. पिता ने अपनी ही लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. पुलिस पिता ऋषिराज उर्फ संजू जायसवाल की मौत के मामले की जांच करने जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
यहां प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऋषिराज जायसवाल की बेटी हर्षिता का एक लड़के आनंद के साथ अफेयर था. कुछ माह पूर्व वह अपने प्रेमी आनंद के साथ भाग गई. लड़की के पिता ऋषिराज जायसवाल की शिकायत पर पुलिस दोनों को इंदौर से पकड़कर लाई एवं उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया. बाद में प्रेमी आनंद द्वारा कोर्ट में याचिका के आधार पर कोर्ट ने हर्षिता को उसके प्रेमी के सुपुर्द कर दिया. ऋषिराज इसके बाद से ही मानसिक तनाव में थे.
बीती रात ऋषिराज जब घर में अकेले थे, उन्होंने अपनी ही लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गई. घटना के समय़ उनकी पत्नी और बेटा ननिहाल गए हुए थे. सुबह सबसे पहले पड़ोस में रहने वाले एक रिश्तेदार ने घर का दरवाजा खुला देखा. उन्होंने घर के भीतर जाकर देखा तो वहां ऋषिराज का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला. उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस को जांच के क्रम में कमरे से एक सुसाइडल नोट भी मिला है. बेटी के आधार कार्ड के प्रिंट वाले पेज पर पिता ने लिखा है – हर्षिता तूने गलत किया बेटा, मैं जा रहा हूं. उन दोनों, (आनंद और बेटी हर्षिता) को मार सकता था, लेकिन मैं अपनी बेटी को कैसे मार दूं? भारत का संविधान भी गलत है, जो लड़कियों के बालिग होते ही पिता से उसके सारे अधिकार छीन लेता है. उन्होंने लिखा है – और वह वकील, जो कुछ पैसों के लिए एक परिवार की बलि चढ़ा देता है. उनकी भी तो बेटियां होती हैं. वह खुद नहीं सोचते एक पिता का दर्द. एक पूरा परिवार नष्ट हो गया और समाज में कुछ नहीं बचा. रेणु तू पूर्वक का ख्याल रखना. हर्षिता बेटा, तूने यह अच्छा नहीं किया. मैं एक बार फिर कहता हूं कि आर्य समाज की शादी मान्य नहीं होती, तो कोर्ट फिर बालिका को उसके (प्रेमी के) साथ कैसे भेज सकता है. इससे हमारा पूरा परिवार नष्ट हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
ऋषिराज अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं. इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है.



