जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित मुखी बस्ती में मंगलवार शाम कथित तौर पर ब्राउन शुगर का सेवन कर रहे कुछ युवकों द्वारा चार लोगों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे गोल्टू, प्रिंस और कबीर नामक युवक एक स्थान पर बैठे थे. इसी दौरान पास में कुछ बच्चे फुटबॉल खेल रहे थे. खेलते-खेलते गेंद उन युवकों के पास चली गई. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि जब अरुण गेंद लेने पहुंचा तो वहां मौजूद युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. शोर सुनकर 13 वर्षीय प्रेम, 18 वर्षीय भरत कर्मकार और 14 वर्षीय अंश मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी विवाद हो गया. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने चापड़, डैगर और कड़ा से हमला कर दिया, जिससे चारों घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल में जुटी है.




