जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित चेपापुल इलाके में शनिवार सुबह एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया. जानकारी के अनुसार एक नाबालिग लाल रंग की ऑडी कार चला रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सीधे अक्का गार्डन की दीवार से जा टकरायी. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज गति से चल रही थी. हादसे के समय वाहन में नाबालिग चालक के साथ एक महिला भी सवार थीं. दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद कार में मौजूद लोग वाहन से बाहर निकले और कुछ देर बाद वहां से चले गए. घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक चर्चा का विषय बनी रही. (नीचे भी पढ़ें)
इस दुर्घटना ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने की समस्या को उजागर कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अभिभावकों को इस मामले में जिम्मेदारी दिखानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके. वहीं, लोगों ने प्रशासन से भी सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है.







