जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास सोमवार दोपहर करीब एक बजे दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पहले सदर अस्पताल और बाद में एमजीएम अस्पताल भेजा गया. घायलों में ओडिशा के बड़बिल निवासी निखिल दास शामिल है, जिसके सिर में गंभीर चोट लगी है. बताया जाता है कि वह जमशेदपुर में काम करता है और सुंदरनगर क्षेत्र में अपने भाई के पास रह रहा था. अस्पताल सूत्रों के अनुसार निखिल नशे की हालत में था, जिसके कारण वह करीब छह घंटे तक अपनी पहचान नहीं बता सका. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान उसका अज्ञात मरीज के रूप में प्राथमिक उपचार किया गया और सिर से हो रहे रक्तस्राव को रोका गया. स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार नशे की हालत में निखिल ने इलाज में भी बाधा उत्पन्न की. उसने स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा हाथ में लगी केनुला निकाल दी, जिससे उपचार प्रभावित हुआ. इस दौरान उसे कई बार खून की उल्टी भी हुई. दूसरी बाइक पर सवार बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी हरिजन बस्ती निवासी अजय मुखी (23) और बागबेड़ा निवासी चंद्रमुखी पात्रो (21) घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि दोनों पोटका के हरिणा मेला जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई. सूत्रों के अनुसार दुर्घटना के बाद निखिल दास के साथ मौजूद व्यक्ति उसका मोबाइल फोन और पर्स लेकर मौके से फरार हो गया. निखिल के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ. सुंदरनगर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है. हालांकि, घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद पुलिस की मौजूदगी नहीं दिखी. देर रात तक निखिल दास एमजीएम अस्पताल की इमरजेंसी में जमीन पर पड़ा रहा. होमगार्ड जवानों और वार्ड ब्वॉय ने कई बार उसे स्ट्रेचर पर रखने का प्रयास किया, लेकिन वह बार-बार उठकर इधर-उधर जाने लगता था.







