जमशेदपुर : विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 09 अगस्त को जमशेदपुर के सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, निदेशक एनईपी, उप निदेशक जनसंपर्क सह जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, एसडीओ घाटशिला समेत आयोजन समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में उपायुक्त ने कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यह दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है. सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं जिससे कार्यक्रम गरिमामय एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो. (नीचे भी पढ़े)
समीक्षा के दौरान समारोह में परिसंपत्तियों के वितरण की तैयारी, विभिन्न योजनाओं के लाभुकों की सूची का सत्यापन, लाभुकों एवं आमंत्रित अतिथियों हेतु आवश्यक व्यवस्था, मंच प्रबंधन, विभागीय स्टॉल एवं प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, झारखंडी लोक नृत्य एवं नाटक मंचन, प्रतिभाओं के सम्मान, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें. उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों समेत प्रदर्शनी की आकर्षक प्रस्तुति तथा कार्यक्रम स्थल पर आगंतुकों एवं लाभुकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए. साथ ही समारोह में आने वाले सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विभागवार जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की गई तथा सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय पर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए.




