
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी सूरज कुमार के निर्देशानुसार इंसिडेंट कमांडर अपने क्षेत्राधीन भीड़भाड़ वाले क्षेत्र, हाट बाजार इत्यादि का प्रतिदिन निरीक्षण कर रहे हैं. इसी क्रम में मंगलवार को जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में मास्क नही पहनने वालों एवं सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन नही करने के विरुद्ध इंसिडेंट कमांडर सविता टोपनो, चन्द्रदेव प्रसाद एवं अन्य इंसिडेंट कमांडर द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया गया. इंसिडेंट कमांडर चंद्रदेव प्रसाद द्वारा सोनारी के खूंटाडीह में सोशल डिस्टेंसिंग के उल्लंघन पर एक दुकान को 72 घण्टे के लिए बंद कराते हुए स्पष्टीकरण किया गया वहीं सविता टोपनो द्वारा बिष्टुपुर में यूनियन हीरो एजेंसी को बंद कराने की कार्रवाई की गई.

उक्त एजेंसी के कर्मियों द्वारा मास्क का प्रयोग नही करने पर कार्रवाई की गई तथा 72 घन्टे के भीतर स्पष्टीकरण के जवाब का निर्देश दिया गया है. जांच अभियान के साथ-साथ इंसिडेंट कमांडर द्वारा होम क्वारन्टीन लोगों का भी औचक निरीक्षण किया जा रहा है ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित लोग होम क्वारन्टीन के नियमों का उल्लंघन तो नहीं कर रहे. इंसिडेंट कमांडर द्वारा अपने पोषक क्षेत्र में लोगों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया गया. उन्होंने बताया कि वैसे दुकानदार जो सैनिटाइजर एवं मास्क का उपयोग नहीं करते हैं तथा सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं उनके विरुद्ध डीएम एक्ट के सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी. बिना मास्क पहने कोई भी दुकानदार क्रय विक्रय का कार्य नही करेंगे तथा सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करायेंगे.














