जमशेदपुर : जमशेदपुर की डीसी विजया जाघव ने टाटा स्टील के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. इसके तहत जमशेदपुर के जोजोबेड़ा में चल रहे नुवोको सीमेंट कंपनी के जमीन के उपयोग को लेकर टाटा स्टील को नोटिस दिया गया है. पूर्वी सिंहभूम जिलान्तर्गत मौजा जोजोबेड़ा में अवस्थित भूमि का मेसर्स लाफार्ज इंडिया लिमिटेड (वर्तमान नुवोको) द्वारा उपयोग किये जाने हेतु राशि के भुगतान के संबंध में चीफ कॉर्पोरेट एडमिनिस्ट्रेशन टाटा स्टील लिमिटेड जमशेदपुर को पत्र लिखा गया है.(नीचे भी पढ़े)
पत्र में सरकार के संयुक्त सचिव राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, झारखण्ड, रांची द्वरा दिये गये निर्देश के आलोक में मेसर्स लाफार्ज इंडिया लिमिटेड (वर्तमान नुवोको) द्वारा उपयोग की जा रही कुल- 129.705 एकड़ भूमि के संबंध में वर्ष 1997 के भूमि की मूल्यांकन सूची के अनुसार वित्तीय वर्ष – 1999-2000 से वर्ष 2021-22 तक के लिए कुल 23 वर्षों के लिए लीज रेंट की गणना कॉमर्शियल प्रयोजन हेतु किये जाने पर कुल राशि (लगान + सेस + सलामी + ब्याज) 744,70,38,516.00 रूपये (7 अरब 44 करोड़ 70 लाख 38 हजार 516 रुपये) का आंकलन किया गया एवं भुगतान हेतु यथाशीघ्र अग्रेतर कार्रवाई करने की बात कही गई है.(नीचे भी पढ़े)
पत्र में कहा गया है कि इस संबंध में टाटा स्टील लिमिटेड द्वारा पूर्व में प्रतिवेदित किया गया है कि राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, झारखण्ड के निर्देशानुसार इसके अनुपालन हेतु मेसर्स नुवोको विस्टास कारपोरेशन लिमिटेड ( पूर्ववत मेसर्स लाफार्ज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड) को अग्रसारित की गई है एवं उक्त कंपनी से प्रतिक्रिया मिलने के बाद बतायी जायेगी, परंतु इतने दिनों व्यतीत होने के बाद भी विषयांकित मामले में कंपनी की प्रतिक्रिया और कोई भी सूचना जिला प्रशासन को नहीं है. ऐसे में क्यों नहीं उपरोक्त राशि की वसूली हेतु पब्लिक डिमांड रिकवरी एक्ट के तहत् विधिवत् कार्रवाई की जाये. विषयांकित मामले में राशि के भुगतान हेतु यथाशीघ्र अग्रेतर कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर की जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त को अवगत कराने की बात कही गई है.(नीचे भी पढ़े)
सैरात बाजार को लेकर भी भेजी गयी नोटिस
जमशेदपुर की डीसी विजया जाधव द्वारा जमशेदपुर शहर के 10 (दस) हाट बाजार (सैरात) अंतर्गत कंपनी बिल्ट शॉप या कियोस्क या स्टॉल से कलेक्शन की गई राशि व्याज सहित सरकारी खाते में जमा करने को लेकर चीफ कॉर्पोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील लिमिटेड जमशेदपुर को पत्र लिखा गया है. पत्र में कहा गया है कि हेड, लैण्ड एण्ड मार्केटस्, टाटा स्टील लिमिटेड जमशेदपुर द्वारा वित्तीय वर्ष 1997-98 से 2021-22 तक कलेक्शन की गई राशि की सूची उपलब्ध करायी गई है. (नीचे भी पढ़े)
उक्त सूची में उल्लेखित राशि का सत्यापन जमशेदपुर के जिला लेखा पदाधिकारी एवं जमशेदपुर के अंचल अधिकारीद्वारा संयुक्त रूप से की गई है. टाटा स्टील लिमिटेड द्वारा कलेक्शन की गई राशि पर 13 फीसदी की दर से व्याज की गणना की गई है जिसकी कुल राशि 176,676,246.52 रूपये है जिसमें 65,629,414.00 रूपये की वसूली की गई है. इस मद में 111,046,832.52 रूपये ब्याज की राशि सम्मिलित है. पत्र में वित्तीय वर्ष 1997-98 से 2021-22 तक टाटा स्टील कंपनी द्वारा कलेक्शन की गई राशि व्याज सहित 31 मार्च तक कोषागार में चालान के माध्यम से सरकारी खाते में जमा करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह- उपायुक्त को अवगत कराने की बात कही गई है .



