
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में निवास कर रहे लोग जिन्हें अंतर्राज्यीय आवागमन करना है, वे वाहन पास हेतु जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, मानगो नगर निगम एवं जुगसलाई नगर परिषद के निवासी सम्बंधित निकाय कार्यालय तथा घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत निवास करने वाले लोग अनुमंडल कार्यालय, घाटशिला में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए आवेदन कर सकते हैं. साथ ही dc-jsr@nic.in पर मेल के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है.

जमशेदपुर डीसी ने संयुक्त रूप से मयूरभंज के डीसी व एसपी के साथ अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट जामशोल का किया निरीक्षण
कोरोनावायरस (कोविड-19) के संक्रमण से बचाव के मद्देनजर लॉक डाउन घोषित है. लॉक डाउन का अनुपालन कराने हेतु अंतर्राज्यीय एवं अन्तर्र्जिला चेक पोस्ट का निर्माण विभिन्न स्थानों पर किया गया है. इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त रविशंकर शुक्ला द्वारा बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत अंतर्राज्यीय चेक नाका जामशोल का मयूरभंज (ओड़िशा) उपायुक्त एवं एसपी के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया. दोनों जिलों के वरीय पदाधिकारियों द्वारा अंतर्राज्यीय आवागमन को देखते हुए चेकनाका पर तैनात दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया. पदाधिकारियों ने चेक नाका में प्रतिनियुक्त टीम को कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के मद्देनजर एहतियात बरतते हुए वाहनों के जांच की बात कही. उन्होने कहा कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए के चेक नाका पर सभी आने जाने वालों का भी सघन जांच अत्यावश्यक है. उपायुक्त ने कहा कि आवागमन लॉक डाउन की अवधि में अंतर्राज्यीय आवागमन को देखते हुए विधि व्यवस्था के संधारण तथा कोरोना वायरस संक्रमण के रोकथाम के प्रति मयूरभंज एवं पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन तत्पर है एवं जिला प्रशासन की पूरी टीम सजगता से कार्य कर रही है. उपायुक्त के निरीक्षण के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी- घाटशिला, प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी बहरागोड़ा तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.














