जमशेदपुर : शहर के ऐतिहासिक एवं श्रद्धा के प्रमुख केंद्र बिष्टुपुर आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम में आगामी रविवार, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि महोत्सव सह अज्याभिषेकम् का आयोजन किया जाएगा. भगवान शिव की अनुकंपा से आयोजित होने जा रहा यह पावन समारोह अत्यंत श्रद्धा, भक्ति के साथ मनाया जाएगा जिसमें वैदिक विधि-विधान के साथ अज्या (घृत) अभिषेकम् भी किया जाएगा. इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति ने तमाम श्रद्धालुओं को सपरिवार आमंत्रित किया है. (नीचे भी पढ़ें)
15 फरवरी को महा शिवरात्रि के अवसर पर प्रातः 4:30 बजे से 6:30 बजे तक अज्या (धृत) अभिषेकम् का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु अपने नाम एवं राशि के अनुसार अभिषेक कराकर उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना कर सकते हैं. महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत प्रातः 8:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक निरंतर जलाभिषेक किया जाएगा तथा रात्रि 10:00 बजे विशेष पूजानुष्ठान आयोजित होगा. समारोह के तहत जलाभिषेक, महा रुद्राभिषेक, सहस्रनाम अर्चना, मंत्र पुष्पांजलि एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा. मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बन कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है.







