जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने नगर पालिका निर्वाचन के मद्देनज़र की जा रही तैयारियों का स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने जुगसलाई प्रखण्ड परिसर स्थित एफसीआई गोदाम में मतदान दलों के लिए बनाए गए डिस्पैच एवं रिसिविंग काउंटर सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने मतदान दलों की सुगम आवाजाही, सामग्री वितरण एवं प्राप्ति की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रखने पर विशेष जोर दिया. (नीचे भी पढ़े)

इसके उपरांत उन्होंने मतगणना की तैयारियों के तहत प्रस्तावित मतगणना कक्ष एवं स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की. इस दौरान सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रवेश-नियंत्रण व्यवस्था तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए. उन्होने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी संबंधित पदाधिकारी आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें. दूसरी ओर, मानगो नगर निगम के सामान्य प्रेक्षक जितेन्द्र कुमार देव सामान्य प्रेक्षक मानगो नगर निगम ने वार्ड संख्या 11 से 15 तक अवस्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया. (नीचे भी पढ़े)

उन्होने आगामी निर्वाचन की तैयारियों के क्रम में संबंधित पदाधिकारी के साथ आदिवासी बालिका मध्य विद्यालय, गांधी दयाल हाई स्कूल, शारदा पब्लिक स्कूल, एमएस. कम्युनिटी हॉल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सहित अन्य निर्धारित स्थलों का जायजा लिया गया. इस दौरान मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैम्प एवं सुरक्षा संबंधी प्रबंधों का अवलोकन कर संबंधित पदाधिकारियों को सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके. निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्ड के आरओ श्रीमती बबली कुमारी तथा ईआरओ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.







