जमशेदपुर : जमशेदपुर समाहरणालय परिसर से उपायुक्त राजीव रंजन ने बाल विवाह निषेध जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा इसके उन्मूलन में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना है. इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बाल विवाह बच्चों, विशेषकर बालिकाओं के भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास में बाधक है. यह एक सामाजिक अभिशाप है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा. उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षा बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने का सशक्त माध्यम है. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता अभियान गांव-गांव तक पहुंचाया जाए. इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मानकी-मुंडा, धर्मगुरुओं एवं समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि सामाजिक स्तर पर इस कुप्रथा के विरुद्ध व्यापक जनमत तैयार हो सके. साथ ही, विद्यालयों में भी बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर बल दिया जाए. जागरूकता वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसके कानूनी प्रावधानों तथा बालिकाओं की शिक्षा के महत्व से संबंधित संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा.















