
जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर वैश्विक त्रासदी कोरोना वायरस के संक्रमण काल के दौर से गुजर रहा है. सरकार और सरकारी तंत्र हर मुमकिन प्रयास कर रहे हैं, ताकि लोगों की जान बच सके. अस्पतालों में बेड नहीं है. क्लीनिक में डॉक्टर नहीं, घर पर इलाज नहीं. हर कोई बेहाल है, मौत के आंकड़े हर दिन नया कीर्तिमान बना रहे हैं. श्मशान घाट पर लाशों का आना जारी है, लेकिन कुछ लोग अभी भी इसे हल्के में ले रहे हैं. सरकारी आदेश के तहत दिन के 2:00 बजे के बाद सारे व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रखने के आदेश दिए गए हैं. जिला प्रशासन उपलब्ध संसाधनों के साथ हर मुमकिन प्रयास कर लोगों को जागरूक करने में जुटा हुआ है. बावजूद इसके जमशेदपुर के कारोबारी और खरीददार हालात की गंभीरता को नहीं समझ रहे. कैमरे देखकर दुकान बंद करने का ढोंग करने से आप अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकते. जमशेदपुर के लगभग सभी बड़े मार्केट की कमोबेश यही स्थिति देखने को मिल रही है. प्रशासनिक सख्ती देखकर कुछ दुकानदार तो दुकान बंद कर ले रहे हैं, लेकिन कुछ 2:00 बजे के बाद भी अपना कारोबार संचालित करते नजर आ रहे हैं. हालांकि कैमरे की नजर पड़ते ही अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद करने का ढोंग रचने वाले कारोबारियों पर सख्ती बरतने की जरूरत है. साथ ही 2:00 बजे के बाद दुकान में सामान लेने पहुंच रहे ग्राहकों पर भी सख्ती बरतने की जरूरत है.















