जमशेदपुर : सामाजिक संस्था भवप्रीता सेवा समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी झारखंड बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षकगण एवं समाजसेवी उपस्थित रहे.समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सरयू राय उपस्थित रहे. साथ ही स्टेट फार्मेसी काउंसिल के चेयरमैन अनिल सिंह, युनियन बैंक के मैनेजर राजेश रंजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता विनीता साह एवं आशा रणजी ट्रॉफी की महिला कोच भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहीं.(नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं स्वामी विवेकानंद की पुस्तक “कर्मयोग” भेंट कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है. उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी मेहनत कर समाज एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.(नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम की अध्यक्षता भवप्रीता सेवा समिति की संरक्षिका नीरू सिंह ने की. उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है. कार्यक्रम का संचालन इंदु झा ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में नीलम सिंह, सीमा सिंह, राधा सिंह, पूनम सिंह, संध्या सिंह, हेमलता पात्रो, रीता सिंह, अल्पना एवं अर्चना सहित समिति के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.







