जमशेदपुर : जमशेदपुर के घातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक 66 वर्षीय बुजुर्ग ने कथित तौर पर अपने उपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली. घटना सुबह करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है. आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग अपने साथ पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंचे थे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने पहले अपने कुछ दस्तावेज, जिनमें आधार कार्ड की प्रति भी शामिल थी, तालाब के पास रखे और फिर अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा ली. देखते ही देखते वे आग की चपेट में आ गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल साहस का परिचय देते हुए पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया और किसी तरह आग पर काबू पाया. गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति की पहचान सत्तर खान (66 वर्ष) के रूप में हुई है. उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर मौजूद मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि घायल व्यक्ति ने आग लगाने के पीछे घरेलू तनाव और पारिवारिक समस्याओं को कारण बताया था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सत्तर खान ने बताया कि वह घातकीडीह बी-ब्लॉक फ्लैट नंबर-3 के निवासी हैं और लंबे समय से पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगाने के बाद भी वह कुछ समय तक बातचीत कर रहे थे, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई.







