चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय के पास पुराने मालगोदाम के पास चल रहे निर्माण कार्य के दौरान कंकाल मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. जानकारी के अनुसार पुराने मालगोदाम के समीप नए क्रू एंड गार्ड लॉबी भवन के निर्माण के लिए भूमि समतलीकरण का कार्य चल रहा है. खुदाई से निकली मिट्टी को ट्रकों के जरिए बर्टन लेक की चहारदीवारी के बाहर डंप किया जा रहा था. इसी दौरान एक ट्रक से मिट्टी खाली करते समय ब्लू प्लास्टिक में लिपटा कंकालनुमा शव दिखाई दिया, जिसके बाद काम रोक दिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और केवल कंकाल था. (नीचे भी पढ़े)
खोपड़ी मिट्टी के बाहर दिखाई दे रहा था. खोपड़ी के पास बाल पाए जाने के कारण आशंका जताई जा रही है कि कंकाल किसी महिला का हो सकता है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक अनुमान है कि निर्माण स्थल की खुदाई के दौरान कंकाल मिट्टी के साथ ट्रक में लोड हो गया और डंपिंग के समय बाहर निकल आया.पुलिस का कहना है कि कंकाल की पहचान, उसकी उम्र और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी. फिलहाल मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और अन्य रिपोर्ट मिलने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.







