जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को बिरसानगर थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान थाना प्रभारी, बीट ऑफिसर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना में लंबित कांडों, अभिलेखों और पुलिस पदाधिकारियों व बीट ऑफिसरों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने थाना परिसर, हाजत और सिरिस्ता का भी निरीक्षण किया. इस दौरान साफ-सफाई, रख-रखाव एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. (नीचे भी पढ़ें)

एसएसपी ने गणेश चतुर्दशी, विश्वकर्मा पूजा एवं कर्मा पूजा के मद्देनजर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अड्डेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा उन्होंने थाना आने वाले आगंतुकों के साथ मित्रवत व्यवहार करने और उनकी समस्याओं पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया.




