
जमशेदपुर : कल से चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो रहा है. छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसको लेकर जिला प्रशासन के अलावा सामाजिक और राजनीतिक दलों के लोग भी बढ़चढ़कर हिस्सा लेने में जुटे हैं. जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में रविवार को भारतीय जनतंत्र मोर्चा द्वारा सामाजिक संगठनों के सहयोग से छठ व्रतियों के लिए कद्दू, गेहूं, चूल्हा सहित अन्य पूजन सामग्रियों का वितरण किया गया, जिसमें जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने शिरकत की और पार्टी एवं सामाजिक संगठनों के प्रति आभार प्रकट किया. उन्होंने सभी को लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं दीं एवं उन्हें इस नेक कार्य के लिए धन्यवाद भी दिया. वहीं शहर में छठ पर्व को लेकर बाजार सज चुके हैं. दो साल बाद कारोबारियों के चेहरे पर खुशी के भाव देखे जा रहे हैं. सूप, दौरा से लेकर नारियल तक बाजार में उपलब्ध हैं. वैसे कीमत की अगर हम बात करें तो पिछले सालों की तुलना में इस साल महंगाई का असर देखने को मिल रहा है.












