
जमशेदपुर : झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ बुधवार को राज्य भर में भाजपा ने धरना-प्रदर्शन किया. इसी क्रम में जमशेदपुर स्थित साकची गोलचक्कर पर महानगर भाजपा की ओर से धरना दिया गया, जिसमें भाजपाई राज्य की हेमंत सरकार के खिलाफ जम कर बरसे. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अविलंब गद्दी छोड़ने की मांग की. महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने राज्य की हेमंत सरकार पर हर मोर्चे पर विफल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि रांची में महिला उत्पीड़न हो रहा है. मुख्यमंत्री के विधानसभा बरहेट में महिला उत्पीड़न की घटना सामने आयी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि इस सरकार के गठन हुए एक साल साल हुए. इस दरान राज्य भर में करीब 1500 बलात्कार की घटनाएं हुई हैं. विकास का काम ठप है. बालू घाट की नीलामी नहीं हो रही है. ट्रेजरी बंद है. नक्सली गतिविधि बढ़ गयी है. ऐसे में राज्य सरकार क्या कर रही है. ऐसे में मुख्यमंत्री को अविलंब गद्दी छोड़ देनी चाहिए. वहीं मुख्यमंत्री के काफिले पर हमले का आरोप भाजपा पर लगाये जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि यह जनता का आक्रोश है. बावजूद भाजपा को जिम्मेवार ठहराया जाता है, तो पार्टी उग्र आंदोलन कर सरकार को घेरने का काम करेगी. धरना में महानगर भाजपा के कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए.













