
Jamshedpur : गोलमुरी थानांतर्गत नामदा बस्ती निवासी एक महिला जमीन माफिया की करतूतों से त्रस्त है. आये दिन माफिया द्वारा महिला को तरह-तरह से प्रताड़ित किया जा रहा है. यहां तक कि महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और अश्लील हरकतें भी की जा रही है. इससे संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी खबर है, बावजूद अभी तक जमीन माफिया अनुपम पाठक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी है.
इस मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सिटी एसपी से मिला. इसमें पीड़िता का पुत्र टी शंकर राव भी शामिल था. गुंजन यादव ने बताया कि नामदा बस्ती निवासी महिला को अनुपम पाठक द्वारा तरह-तरह से प्रताड़ित किया जा रहा है. यहां तक कि घर में घुस कर अश्लील हरकतें भी की जा रही है. इससे संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है. महिला को इसलिए प्रताड़ित किया जा रहा है कि वह घर छोड़ कर चली जाये और माफिया उस पर कब्जा कर ले.
इसी मामले को लेकर प्रतिनिमंडल ने सिटी एसपी से मुलाकात की और महिला की सुरक्षा और उसे न्याय दिलाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की गयी. पीड़िता के पुत्र टी शंकर राव ने भी उक्त बातें कही. गुंजन यादव के अनुसार सिटी एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है. पुलिस इस मामले में जल्द कार्रवाई करेगी.





