
जमशेदपुर : जिला प्रशासन एवं झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की उपस्थिति में जुबली पार्क गेट खोला गया, यह जमशेदपुर की जनता की जीत है। यह बात भाजपा नेता अभय सिंह ने कही है। उन्होंने कहा है कि आखिर सरसों में ही भूत था? सरसों का इलाज हुआ तो भूत अपने आप भाग गया? नागरिक सुविधा मंच झारखंड के तत्वाधान में लगातार आंदोलन किया जा रहा था। आर-पार की लड़ाई का संकेत था। अभय सिंह ने कहा है कि प्रारंभ से ही उनका कहना था आखिर शेड्यूल 3 की जमीन के नेचर को कैसे परिवर्तन किया जा सकता है? सड़क को बंद करना जुर्म है। सड़क को बंद नहीं किया जा सकता। 20 अगस्त 2005 के टाटा लीज नवीकरण का उल्लंघन नहीं किया जा सकता। लगातार दो वर्षों से गेट बंद था। न ही जिला प्रशासन, न ही सरकार और न ही संबंधित थाना और न ही वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री कोई भी बयान दे रहे थे। जब नागरिक सुविधा मंच के बैनर तले दबाव बनाया जाने लगा तब नागरिक सुविधा मंच के माध्यम से आखिरकार सरकार के प्रतिनिधियों को झुकना पड़ा। यह लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत है हम सभी इस आंदोलन से पीछे नहीं हट सकते थे क्योंकि यह हमारा मौलिक अधिकार था। (नीचे भी पढ़ें)
अभय सिंह ने कहा है कि जमशेदपुर में लगातार 2 वर्षों तक मौलिक अधिकारों को छीना गया अब जनता इस बंद के प्रति जवाबदेही मांगना चाहिए। आज आखिर जमशेदपुर के उपायुक्त के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की उपस्थिति में गेट खोला गया, मैं उसका स्वागत करता हूं, लेकिन सब कुछ समझ में आ गया कि सरसों में ही भूत था और नतीजा भी सबके सामने है। मैं जमशेदपुर की जनता को बधाई देना चाहता हूं जो इस आंदोलन में हमारे साथ मन:स्थिति के साथ थी, यह नागरिक सुरक्षा मंच की जीत है और जमशेदपुर की जनता की जीत है। वैसे नेताओं की जीत है जो सकारात्मक रूप से जुबली पार्क गेट खुले इसके लिए मुखर थे।












