
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित भाजपा कार्यालय में रविवार को भाजपा जिला अध्यक्ष गुंजन यादव ने प्रेस वार्ता कर हेमंत सरकार के दो साल में किए गए कार्यों की खामियां गिनाई. इस प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के दो साल में झारखंड पूरा बेहाल हो चुका है. इन दो सालों में सरकार ने जनता को लूटने का कार्य किया है. भाजपा सरकार में जिन योजनाओं का शिलान्यास किया था आज उसी का उद्घाटन कर हेमंत सरकार वाहवाही लूट रही है. जनता के पैसों से मंत्रियों और विधायकों के लिए बंगले बनाए जा रहे है, महंगी-महंगी गाड़ियां खरीदी जा रही है जबकि वर्तमान में जो वाहन है वह फिट है. इसके अलावा जिले को बात कि जाए तो जिले के धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट का निर्माण होना था, एयरपोर्ट निर्माण का उद्घाटन भी हुआ और केंद्र ने राशि भी आवंटित हुई पर अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ. वहीं शहर में महिला विश्वविद्यालय बनकर तैयार है पर अभी तक इसकी शुरुआत नहीं हुई है. हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, क्राइम चरम पर है पर सरकार इसे रोकने के बजाय अपने जेब भरने में लगी हुई है.



