जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर की ओर से सेवा और समर्पण की अनूठी पहल की गई. छठ व्रतधारियों की सुविधा और सहयोग के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में 1,101 व्रतधारियों के बीच सूप, फल एवं छठ पूजा में उपयोग होने वाली संपूर्ण पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण किया गया. इस पहल के माध्यम से भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने महापर्व के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए जरूरतमंद व्रतधारियों की सेवा का संदेश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में मुख्य रूप से भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, पूर्व पोटका विधायक मेनका सरदार, पोटका विधानसभा से चुनाव लड़ चुकीं मीरा मुंडा, भाजपा नेता दिनेश गोस्वामी, अमित अग्रवाल तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रवक्ता धर्मेंद्र प्रधान उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने व्रतधारियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर भाजयुमो नेता नीतीश कुशवाहा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है. यह पर्व हमें समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर खुशियां बांटने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की प्रेरणा देता है. (नीचे भी पढ़ें)

इसी भावना के साथ भाजयुमो ने 1,101 छठ व्रतधारियों के बीच सूप, फल और पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण किया है, ताकि श्रद्धालुओं को पर्व की तैयारियों में सहयोग मिल सके. उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है. भाजयुमो आगे भी सेवा, सहयोग और जनहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से समाज के बीच अपनी सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा. कार्यक्रम के दौरान छठ व्रतधारियों में पूजन सामग्री प्राप्त करने को लेकर उत्साह देखा गया. आयोजकों ने सभी व्रतधारियों को छठ महापर्व की बधाई देते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया से सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.












