जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह ए ब्लॉक लाइन नंबर 7 निवासी 37 वर्षीय जीशान रियाज का शव रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बेलडीह लेक से बरामद हुआ. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में मातम का माहौल है. परिजनों के अनुसार जीशान रियाज एक फुटबॉलर था और वह शुक्रवार शाम 4:00 बजे से ही घर से लापता था. परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया. रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि बेलडीह लेक में एक शव तैरता हुआ देखा गया है. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान जीशान रियाज के रूप में की गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवा कर आगे की कार्रवाई करते हुए उसे टीएमएच भेजा. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार में जीशान रियाज दो भाइयों में बड़ा था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीशान को नशे की लत थी, हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.




