
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत दोमुहानी के पास नदी में सोमवार की सुबह नदी में एक शव को उतरता देखा गया. नदी में नहाने गए लोगों ने इसकी जानकारी सोनारी पुलिस को दी. सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया. प्रथम दृष्टया में मौत का कारण नदी में डूबना प्रतीत होता है. मृतक कि पहचान सोनारी कैलाशनगर निवासी गौरांग महतो के रुप में की गयी है.
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई. इधर सूचना पाकर मृतक की पत्नी उमा रानी महतो भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक की पत्नी उमा रानी महतो ने बताया कि रविवार की रात 11 बजे वह घर से निकला था. देर रात जब वह वापस नहीं आया तो वह इंतजार में सो गई. सुबह भी जब वह वापस नहीं आया तो उसे खोजते हुए शराब की भट्टी में गई पर वह वहां भी नहीं मिला. उसके बाद किसी ने सूचना दी कि उसकी लाश नदी किनारे मिली है. उमा रानी ने की हत्या होने की आशंका जताई है. हालांकि उसने किसी से दुश्मनी या झगड़ा होने की बात से इंकार किया है.







