जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया स्थित जेवियर स्कूल के समीप रहने वाले 30 वर्षीय शिवाजी गोप उर्फ नायडू के रूप में हुई है. कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि शिवाजी गोप उर्फ नायडू एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ जमशेदपुर के मानगो और गोविंदपुर थाना के अलावा चांडिल थाना तथा कपाली ओपी क्षेत्र में भी कई मामले दर्ज हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी के खिलाफ करीब नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं. वह पूर्व में भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुका है. पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों की विस्तृत जानकारी जुटा रही है. कपाली ओपी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, टाइगर मोबाइल के जवान समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.




