सरायकेला : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां पुलिस ने कपाली ओपी क्षेत्र के चर्चित केजीएन मेडिकल दुकान फायरिंग, रंगदारी और लूटकांड में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे कपाली के कबीरनगर स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में अपराधियों ने घुसकर संचालक साकिब परवेज से रंगदारी मांगी थी. विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, दुकान में तोड़फोड़ और नकदी व मोबाइल फोन लूट लिए गए थे. इस मामले में चांडिल के कपाली ओपी थाना में कांड दर्ज हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही इस कांड में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. वहीं फरार चल रहे सारिक साह उर्फ घेघा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल गठित किया गया था. तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 21 जून को बगानशाही रोड नंबर-7 स्थित मुर्दा मैदान क्षेत्र से सारिक साह उर्फ घेघा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किए गए पिस्तौल और गोलियां पहले ही सह-आरोपी दानिश कुरैशी उर्फ छोटू की निशानदेही पर बरामद की जा चुकी हैं. अन्य आरोपियों के हथियार भी संबंधित मामलों में जब्त किए गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है. उसके खिलाफ चोरी, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामले सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम तथा ओडिशा के विभिन्न थानों में दर्ज हैं. फिलहाल को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.








